वापसी पर हस्ताक्षर किए जाने किसके द्वारा
विवरणी किसके द्वारा हस्ताक्षरित हो
49140. धारा 139 के अधीन विवरणी निम्नलिखित द्वारा हस्ताक्षरित और सत्यापित की जाएगी–
50[(क) किसी व्यष्टि की दशा में,–
(i) स्वयं व्यष्टि द्वारा;
(ii) जहां वह भारत से अनुपस्थित है, वहां स्वयं व्यष्टि द्वारा या इस निमित्त उसके द्वारा सम्यक् रूप से प्राधिकृत किसी व्यक्ति द्वारा;
(iii) जहां वह अपने कार्यों का पालन करने में मानसिक रूप से असमर्थ है वहां उसके संरक्षक द्वारा या उसकी ओर से कार्य करने के लिए सक्षम किसी अन्य व्यक्ति द्वारा; और
(iv) जहां किसी अन्य कारण से, उस व्यष्टि के लिए विवरणी पर हस्ताक्षर करना संभव नहीं है वहां उसके द्वारा इस निमित्त सम्यक्त: प्राधिकृत व्यक्ति द्वारा :
परन्तु उपखंड (ii) या (iv) में निर्दिष्ट मामले में विवरणी पर हस्ताक्षर करने वाले व्यक्ति के पास ऐसा करने के लिए व्यष्टि का विधिमान्य मुख्तारनामा हो जिसे विवरणी के साथ संलग्न किया जाएगा;]
(ख) किसी हिन्दू अविभक्त कुटुम्ब की दशा में कर्ता द्वारा और जहां कर्ता भारत से अनुपस्थित है या अपने कार्यों का पालन करने में मानसिक रूप से असमर्थ है वहां ऐसे कुटुम्ब के किसी अन्य वयस्क सदस्य द्वारा;
51[(ग) किसी कंपनी की दशा में, उसके प्रबंध निदेशक द्वारा या जहां किसी अपरिहार्य कारण से ऐसा प्रबंध निदेशक विवरणी को हस्ताक्षरित और सत्यापित करने में असमर्थ है या जहां कोर्इ प्रबंध निदेशक नहीं है, वहां उसके किसी निदेशक द्वारा :
52[परन्तु जहां कंपनी भारत में निवासी नहीं है वहां विवरणी ऐसे व्यक्ति द्वारा हस्ताक्षरित और सत्यापित की जा सकेगी जिसके पास ऐसा करने का विधिमान्य मुख्तारनामा है, जिसे विवरणी के साथ संलग्न किया जाएगा :
परन्तु यह और कि–
(क) जहां कंपनी का, चाहे न्यायालय के आदेशों के अधीन या अन्यथा, परिसमापन किया जा रहा है, या जहां कंपनी की किन्हीं आस्तियों के संबंध में किसी व्यक्ति को रिसीवर नियुक्त किया गया है, वहां विवरणी धारा 178 की उपधारा (1) में निर्दिष्ट परिसमापक द्वारा हस्ताक्षरित और सत्यापित की जाएगी;
(ख) जहां कंपनी का प्रबंध किसी विधि के अधीन, केन्द्रीय सरकार या किसी राज्य सरकार द्वारा, ग्रहण कर लिया गया है, वहां कंपनी की विवरणी उसके प्रधान अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित और सत्यापित की जाएगी;]
(गग) किसी फर्म की दशा में, उसके प्रबंध में भागीदार द्वारा या जहां किसी अपरिहार्य कारण से ऐसा प्रबंध भागीदार विवरणी को हस्ताक्षरित और सत्यापित करने में असमर्थ है या जहां इस प्रकार कोर्इ प्रबंध भागीदार नहीं है, वहां उसके किसी भागीदार द्वारा जो अवयस्क नहीं है;
(घ) किसी स्थानीय प्राधिकारी की दशा में उसके प्रधान अधिकारी द्वारा;]
53[(घघ) धारा 139 की उपधारा (4ख) में निर्दिष्ट किसी राजनैतिक दल की दशा में, उस दल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा (चाहे ऐसा मुख्य कार्यपालक अधिकारी सचिव के रूप में या किसी अन्य पदनाम से ज्ञात हो);]
(ड़) किसी अन्य संगम की दशा में, संगम के किसी सदस्य या उसके प्रधान अधिकारी द्वारा; तथा
(च) किसी अन्य व्यक्ति की दशा में, उस व्यक्ति द्वारा या उसकी ओर से कार्य करने के लिए सक्षम किसी व्यक्ति द्वारा।
49. सुसंगत केस लॉज़ के लिए देखिये टैक्समैन्स मास्टर गाइड टु इन्कम टैक्स ऐक्ट।
50. प्रत्यक्ष कर विधि (संशोधन) अधिनियम, 1987 द्वारा 1.4.1989 से प्रतिस्थापित। प्रतिस्थापन से पूर्व खंड (क) निम्न प्रकार था :
"(क) किसी व्यष्टि की दशा में स्वयं व्यष्टि द्वारा, जहां वह व्यष्टि भारत से अनुपस्थित है, संबंधित व्यष्टि द्वारा या उसके द्वारा इस निमित्त सम्यक्त: प्राधिकृत किसी व्यक्ति द्वारा और जहां वह व्यष्टि अपने कार्य करने में मानसिक तौर पर अशक्त है, वहां उसके संरक्षक द्वारा या उसकी ओर से कार्य करने के लिए सक्षम किसी अन्य व्यक्ति द्वारा;"
* "खंड (ख)" पढ़ा जाना चाहिए।
51. कराधान विधि (संशोधन) अधिनियम, 1975 द्वारा 1.4.1976 से खंड (ग) और खंड (घ) के स्थान पर प्रतिस्थापित।
52. प्रत्यक्ष कर विधि (संशोधन) अधिनियम, 1987 द्वारा 1.4.1989 से अंत:स्थापित।
53. प्रत्यक्ष कर विधि (संशोधन) अधिनियम, 1987 द्वारा 1.4.1989 से अन्त:स्थापित।
[वित्त (सं. 2) अधिनियम, 2004 द्वारा संशोधित रूप में]

