धारा 127 और धारा 154 के तहत कटौती के प्रयोजनों के लिए स्वपरायणता, प्रमस्तिष्क घात और बहु-निशक्तता के संबंध में चिकित्सा प्राधिकारी का प्रमाण पत्र ।
61. (1) धारा 127 (9) (ड.) और 154 (3) के प्रयोजनों के लिए, राष्ट्रीय स्वपरायणता, प्रमस्तिष्क घात, मानसिक मंदता और बहु- निशक्तताग्रस्त व्ययित कल्याण न्यास अधिनियम, 1999 (1999 का 44) की धारा 2 के खंड (क), (ग), (ज), (ञ) और (त) में क्रमशः निर्दिष्ट "स्वपरायणता", "प्रमस्तिष्क घात", "बहु-निशक्तता", "निशक्त व्यक्ति" और "गंभीर बहु- निशक्तता" को प्रमाणित करने के लिए निम्नलिखित चिकित्सा प्राधिकारी उत्तरदायी होगा:-
| (क) | न्यूरोलॉजी में डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) की डिग्री प्राप्त न्यूरोलॉजिस्ट (बच्चों के मामले में, समकक्ष डिग्री प्राप्त बाल न्यूरोलॉजिस्ट); या | |
| (ख) | सरकारी अस्पताल में सिविल सर्जन या मुख्य चिकित्सा अधिकारी । |
(2) धारा 127 (6), 127 (7) और 154 (2) (ग) के प्रयोजनों के लिए, करदाता को आय की विवरणी के साथ संबंधित चिकित्सा प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र की एक प्रति प्रस्तुत करनी होगी,-
| (क) | यदि व्यक्ति को स्वपरायणता, प्रमस्तिष्क घात या बहु-निशक्तता जैसी निशक्तता या गंभीर निशक्तता है, तो प्रपत्र संख्या 30 में, या | |
| (ख) | अन्य सभी मामलों में, अधिसूचना संख्या 16-18/97-एनआई. 1, तारीख 1 जून, 2001 और संख्या 16-18/97- एनआई. 1, तारीख 18 फरवरी, 2002 में उल्लिखित निर्धारित प्रपत्र, जैसा कि भारत के राजपत्र में प्रकाशित हुआ है, निशक्त व्यक्ति (समान अवसर, अधिकार संरक्षण और पूर्ण भागीदारी) अधिनियम, 1995 (1996 का 1) में उल्लिखित विभिन्न निशक्तताओं के मूल्यांकन और प्रमाणन प्रक्रियाओं के लिए दिशानिर्देशों के अनुसार प्रस्तुत किया जाएगा। |
(3) यदि निशक्तता अस्थायी है और एक निश्चित अवधि के बाद इसका पुनर्मूल्यांकन करने की आवश्यकता है, तो प्रमाण पत्र उस कर वर्ष से शुरू होने वाली अवधि के लिए वैध होगा जिसमें प्रमाण पत्र जारी किया गया था और उस कर वर्ष पर समाप्त होगा जिसमें ऐसे प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त होती है।

