सर्वाधिक उपयुक्त पद्धति
10ग. (1) धारा 92ग की उपधारा (1) के प्रयोजनों के लिए सर्वाधिक उपयुक्त पद्धति वह पद्धति होगी जो प्रत्येक विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय संव्यवहार या विनिर्दिष्ट घरेलू संव्यवहार के तथ्यों और परिस्थितियों के प्रति बहुत ही उपयुक्त हो और जिसमें , यथास्थिति अंतरराष्ट्रीय संव्यवहार या विनिर्दिष्ट घरेलू संव्यवहार के संबंध में निकटतम कीमत मापने का अति विश्वसनीय उपबंध हो।
(2) उपनियम (1) में यथा विनिर्दिष्ट सर्वाधिक उपयुक्त पद्धति का चयन करने में निम्नलिखित बातों पर विचार किया जाएगा, अर्थात् :—
(क) अंतरराष्ट्रीय संव्यवहार या विनिर्दिष्ट घरेलू संव्यवहार की प्रकृति और वर्ग;
(ख) संव्यवहार करने वाले सहयुक्त उद्यमों का वर्ग या के वर्ग और ऐसे उद्यमों द्वारा प्रयुक्त या प्रयुक्त की जाने वाली आस्तियों तथा कल्पित जोखिमों को देखते हुए उनके द्वारा किए गए कृत्य;
(ग) पद्धति को लागू करने के लिए आवश्यक डाटा की उपलब्धता, व्याप्ति और विश्वसनीयता;
(घ) अंतरराष्ट्रीय संव्यवहार या विनिर्दिष्ट घरेलू संव्यवहार और अनियंत्रित संव्यवहार के बीच तथा ऐसे संव्यवहार करने वाले उद्यमों के बीच विद्यमान तुलनीयता की डिग्री;
(ड़) वह सीमा जिस तक अंतरराष्ट्रीय संव्यवहार या विनिर्दिष्ट घरेलू संव्यवहार और तुलनीय अनियंत्रित संव्यवहार के बीच या ऐसे संव्यवहार करने वाले उद्यमों के बीच अंतर का, यदि कोर्इ हो, लेखा देने के लिए विश्वसनीय और सही समायोजन किए जा सकते हैं;
(च) पद्धति को लागू करने में अपेक्षित पूर्वानुमानों की प्रकृति सीमा और विश्वसनीयता।

