करदाता के लिए एआईएस मोबाइल ऎप का शुभारंभ
रिलीज़ दिनांक
22/03/2023
Document Content
भारत सरकार
वित्त मंत्रालय
राजस्व विभाग
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड
नई दिल्ली, 22 मार्च, 2023
प्रेस विज्ञप्ति
करदाता के लिए एआईएस मोबाइल ऎप का शुभारंभ
आयकर विभाग की ओर से करदाताओं द्वारा वार्षिक सूचना विवरणी (एआईएस)/करदाता सूचना ब्यौरा (टीआईएस) में उपलब्ध अपनी सूचना को देखने के लिए 'करदाता हेतु एआईएस' नामक मोबाइल ऎप की शुरूआत की गई है। आयकर विभाग द्वारा 'करदाता हेतु एआईएस' एक निशुल्क मोबाइल ऎप है और यह गूगल प्ले व ऎप स्टोर पर उपलब्ध है। ऎप का लक्ष्य करदाता को एआईएस/टीआईएस का व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करना है जो करदाता से संबंधित विभिन्न स्त्रोतों से एकत्रित सूचना को प्रदर्शित करता है।
करदाता टीडीएस/टीसीएस, ब्याज, लाभांश, शेयर संबंधी लेनदेन, कर भुगतान, आयकर प्रतिदाय, अन्य सूचना (जीएसटी डेटा, विदेशी प्रेषण आदि) जो एआईएस/टीआईएस में उपलब्ध है, से संबंधित अपनी जानकारी को देखने के लिए इसे इस्तेमाल कर सकते हैं। करदाता के पास ऎप में प्रदर्शित होने वाली सूचना पर प्रतिपुष्टि देने का विकल्प और सुविधा भी मौजूद है।
इस मोबाइल ऎप का प्रयोग करने के लिए, करदाता को पैन नंबर देते हुए, ई-दाखिलीकरण पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर व ई-मेल पर भेजे गए ओटीपी को प्रमाणीकृत करते हुए ऎप पर पंजीकरण करने की आवश्यकता है। प्रमाणीकरण के बाद, करदाता मोबाइल ऎप का प्रयोग करने के लिए आसानी से 4 अंकीय पिन को सेट कर सकते हैं।
आयकर विभाग की ओर से अनुपालन को आसान करते हुए उन्नत करदाता सेवाएं देने के क्षेत्र में उनके द्वारा उठाया गया एक और कदम है।
(सुरभि आहलूवालिया)
प्रधान आयकर आयुक्त
(मीडिया व तकनीकी नीति)
आधिकारिक प्रवक्ता, सीबीडीटी

