स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति स्कीम के अधीन उपगत व्यय का अपाकरण
23[स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति स्कीम के अधीन उपगत व्यय का अपाकरण
35घघक. (1) जहां कोर्इ निर्धारिती किसी पूर्ववर्ष में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की किसी स्कीम या स्कीमों के अनुसरण में किसी कर्मचारी को उसकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति 24[के संबंध में] किसी रकम के संदाय के रूप में कोर्इ व्यय उपगत करता है, वहां इस प्रकार संदत्त रकम के 1/5 की कटौती उस पूर्ववर्ष के लिए कारबार के लाभ और अभिलाभ की संगणना करने में की जाएगी और शेष की कटौती चार ठीक उत्तरवर्ती पूर्ववर्षों में से प्रत्येक के लिए समान किस्तों में की जाएगी।
25[(2) जहां निर्धारिती, जो भारतीय कंपनी है, उपधारा (1) के अधीन कटौती का हकदार है और ऐसी भारतीय कंपनी का उपक्रम, जो उपधारा (1) के अधीन कटौती का हकदार है, उस उपधारा में विनिर्दिष्ट अवधि के अवसान से पूर्व, समामेलन की किसी स्कीम में किसी अन्य भारतीय कंपनी में अंतरित किया जाता है, वहां इस धारा के उपबंध, जहां तक हो सके, समामेलित कंपनी को ऐसे लागू होंगे, जैसे वे समामेलक कंपनी को तब लागू होते, यदि यह समामेलन न हुआ होता।
(3) जहां किसी भारतीय कंपनी का उपक्रम, जो उपधारा (1) के अधीन कटौती का हकदार है, उस उपधारा में विनिर्दिष्ट अवधि के अवसान से पूर्व, अविलयन की किसी स्कीम में किसी अन्य कंपनी में अंतरित किया जाता है, वहां इस धारा के उपबंध, जहां तक हो सके, पारिणामिक कंपनी को ऐसे लागू होंगे, जैसे वे अविलयित कंपनी को तब लागू होते, यदि अविलयन न हुआ होता।
(4) जहां कारबार का पुनर्गठन हुआ है, जिसके द्वारा धारा 47 के खंड (xiii) में वर्णित शर्तों को पूरा करते हुए कोर्इ कंपनी किसी फर्म की उत्तराधिकारी हो जाती है या धारा 47 के खंड (xiv) में वर्णित शर्तों को पूरा करते हुए कोर्इ कंपनी किसी स्वत्वधारी समुत्थान की उत्तराधिकारी हो जाती है वहां इस धारा के उपबंध, जहां तक हो सके, उत्तरवर्ती कंपनी को, ऐसे लागू होंगे, जैसे वे फर्म या स्वत्वधारी समुत्थान को तब लागू होते, यदि कारबार का पुनर्गठन न हुआ होता।
(5) इस धारा की उपधारा (2) में निर्दिष्ट समामेलक कंपनी की दशा में, उपधारा (3) में निर्दिष्ट अवलियित कंपनी की दशा में, उपधारा (4) में निर्दिष्ट किसी फर्म या स्वत्वधारी समुत्थान की दशा में, उपधारा (1) में उल्लिखित व्यय की बाबत, उस पूर्ववर्ष के लिए जिसमें, यथास्थिति, समामेलन, अविलयन या उत्तराधिकार किया गया है, कोर्इ कटौती अनुज्ञात नहीं की जाएगी।
(6) इस अधिनियम के किसी अन्य उपबंध के अधीन उपधारा (1) में उल्लिखित व्यय के संबंध में कोर्इ कटौती अनुज्ञात नहीं की जाएगी।]]
23. वित्त अधिनियम, 2001 द्वारा 1.4.2001 से अंत:स्थापित।
24. वित्त अधिनियम, 2005 द्वारा 1.4.2004 से भूतलक्षी प्रभाव से, "के समय" शब्दों के स्थान पर प्रतिस्थापित।
25. वित्त अधिनियम, 2002 द्वारा 1.4.2001 से भूतलक्षी प्रभाव से उपधारा (2) के स्थान पर उपधारा (2) से उपधारा (6) प्रतिस्थापित। प्रतिस्थापन से पूर्व, उपधारा (2) इस प्रकार थी :
"(2) उपधारा (1) में वर्णित व्यय की बाबत कोर्इ कटौती इस अधिनियम के किसी अन्य उपबंध के अधीन अनुज्ञात नहीं की जाएगी।"
[वित्त (सं. 2) अधिनियम, 2009 द्वारा संशोधित रूप में]

